यूपी चुनाव 2022: मथुरा से भाजपा सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने शुक्रवार को बलिया मे नगर के सतीश चंद्र कालेज के मैदान में भाजपा उम्मीदवार दयाशंकर सिंह के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। हेमा मालिनी ने कहा कि बीजेपी के राज में देश और प्रदेश का विकास हो रहा है। बारी अब बलिया की है। भाजपा का उम्मीदवार विधानसभा पहुंचेगा तभी बलिया को मुंबई बनाने का सपना साकार होगा।
भाजपा सांसद ने कहा कि तीन मार्च को होने वाले मतदान से पूर्व विपक्षी पार्टियां तरह-तरह का प्रलोभन देंगी, लेकिन सूबे के विकास के लिए भाजपा जरूरी है। सपा पर हमला बोलते हुए अभिनेत्री ने कहा कि अखिलेश राज में प्रदेश में चारों ओर गुंडाराज कायम था। कोई उद्योगपति सूबे में निवेश करने का साहस नहीं कर पाता था, लेकिन योगी राज में हालात बदले हैं। पिछले पांच साल में कहीं भी दंगा नहीं हुआ।
नोएडा में फिल्म सिटी भी बन रही है। बलिया में भी एयरपोर्ट की आवश्यकता महसूस की जा रही है। चुनाव बाद इस पर मदद करने का आश्वासन भी दिया। इसके पूर्व सभा को सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं उम्मीदवार दयाशंकर सिंह ने भी संबोधित किया। भगवान पाठक, नागेंद्र पांडेय आदि थे।संचालन संजय मिश्र ने किया।
