माइक्रो डोनेशन अभियान: भाजपा के माइक्रो डोनेशन अभियान में यूपी के टॉप 30 नेताओं की लिस्ट जारी की गई है। यह लिस्ट संगठन मंत्री सुनील बंसल की ओर से फेसबुक पर साझा की गई है। इसी के साथ माइक्रो डोनेशन अभियान के सर्वश्रेष्ठ 30 पदाधिकारियों को भी बधाई दी है। इसमें पहले नंबर पर एमएलसी आशीष यादव का नाम है। जबकि दूसरे नंबर पर स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी और बीजेपी सांसद संघमित्रा मौर्य का नाम है।
विधानसभा चुनाव में अपने पिता और फाजिलनगर सीट से सपा प्रत्याशी स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ भाजपा के खिलाफ बगावती तेवर दिखाने वाली बदायूं से भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य एक बार फिर पार्टी में सक्रिय हो गई हैं। भाजपा के माइक्रो डोनेशन अभियान में संघमित्रा 4889 लोगों से डोनेशन कराकर दूसरे स्थान पर हैं।
दरअसल, पार्टी की ओर से इन दिनों माइक्रो डोनेशन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में पांच रुपये से एक हजार रुपये तक ऑनलाइन डोनेशन लिया जा रहा है। पार्टी की ओर से मंगलवार को अब तक के अभियान में डोनेशन कराने वाले टॉप 30 नेताओं के नाम जारी किए गए हैं।
पहले स्थान पर विधान परिषद के पूर्व सभापति रमेश यादव के बेटे और सपा से भाजपा में शामिल हुए एमएलसी आशीष यादव हैं। आशीष ने 5565 लोगों से ऑनलाइन डोनेशन कराया है। दूसरे स्थान पर संघमित्रा मौर्य हैं। एमएलसी पवन सिंह चौहान तीसरे, आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह चौथे और कन्नौज के सांसद सुब्रत पाठक पांचवें स्थान पर हैं।