राज्यसभा चुनाव: चुनाव आयोग ने देश की कुल 57 राज्यसभा सीटों के लिए जो कार्यक्रम जारी किया है उसके मुताबिक 24 मई को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी और राज्यसभा में यूपी की 11 सीटों के लिए मतदान 10 जून को होगा। नतीजे भी उसी दिन आ जाएंगे। उत्तर प्रदेश से कुल 31 सदस्य राज्यसभा के लिए चुने जाते हैं। आगामी जून से अगस्त के बीच प्रदेश की 11 राज्यसभा सीटें रिक्त हो रही हैं।
इन सदस्यों का कार्यकाल 4 जुलाई को समाप्त हो रहा है। इसके लिए नामांकन 24 से 31 मई तक दाखिल किए जाएंगे। अधिसूचना 24 मई को जारी की जाएगी। एक जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 3 जून तक नाम वापस ले सकेंगे। 10 जून को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) इस बार भी प्रदेश से राज्यसभा में अपना संख्या बल बढ़ाने जा रहा है और वह राज्यसभा की खाली होने जा रही 11 सीटों में से आठ पर आसानी से जीत हासिल करने की स्थिति में है। इस बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस को सीट मिलने की संभावना नहीं है।
राज्यसभा में यूपी की 31 सीटें है। इनमें से अभी भाजपा के 22, सपा के पांच, बसपा के तीन और कांग्रेस के एक सदस्य है। इस चुनाव के बाद भाजपा की सदस्य संख्या 22 से बढ़कर 24 से 25 तक हो जाएगी। जबकि सपा की सदस्य संख्या 5 बरकरार रहेगी।
सूत्रों के मुताबिक एक सीट के लिए 36 विधायकों का वोट चाहिए। भाजपा गठबंधन के पास 273 विधायक है। ऐसे में उन्हें 7 सीट जीतने में कोई परेशानी नहीं होगी। सपा के पास 125 विधायक हैं। उसे 3 सीट जीतने में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन 11वीं सीट के लिए भाजपा व सपा एक दूसरे के खेमे में सेंधमारी का प्रयास करेंगे।
