सुल्तानपुर: आज सावन माह का चौथा सोमवार है। इस बीच उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के लंभुआ नगर पंचायत में सावन के चौथे सोमवार को बोल बम के जयकारे लगाते हुए 171 फीट की तिरंगा कांवड़ यात्रा निकाली गई। 171 फीट की तिरंगा यात्रा देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ लग गई। यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। उत्साह से लबरेज कांवड़िया शाहगढ़ चौराहे से कांवड़ लेकर धोपाप घाट पहुंचे। वहां आदि गंगा गोमती से कांवड़ भरकर बाबा जनवारीनाथ धाम के लिए रवाना हुए। तिरंगा कांवड़ यात्रा को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। इस धार्मिक आयोजन में देश भक्ति का भी प्रभाव दिखा।दावा किया जा रहा है कि यह देश की सबसे लंबी कांवड़ यात्रा है।
कांवड़ निर्माण समिति के अध्यक्ष दिलीप अग्रहरि का कहना है कि यह देश की सबसे लंबी तिरंगा कांवड़ है। पिछले साल 161 फीट की कांवड़ से बाबा जनवारीनाथ का जलाभिषेक किया गया था। परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी तिरंगा कांवड़ की लंबाई 10 फीट बढ़ाई गई है। प्रतिवर्ष सावन के अंतिम सोमवार को यह भव्य कावड़ यात्रा निकाली जाती थी। इस बार सावन के अंतिम सोमवार को रक्षाबंधन पर्व होने के कारण इसका आयोजन चौथे सोमवार यानी 12 अगस्त को किया गया। यह कांवड़ यात्रा पिछले 11 वर्षों से निकाली जा रही है। शुरुआत में तिरंगा कांवड़ की लंबाई 51 फीट थी।
171 फीट लंबी कांवड़ यात्रा सोमवार सुबह सुल्तानपुर में लम्भुआ के शाहगढ़ चौराहे से शुरू हुई। लंभुआ की उप जिलाधिकारी विदुषी सिंह ने कांवड़ की पूजा-आरती की। पुलिस उपाधीक्षक अब्दुस सलाम खान ने भगवा झंडा दिखाकर कांवड़ यात्रा को रवाना किया। नगर में 10 स्थानों पर कांवड़ पर पुष्पवर्षा की गई। कावड़ यात्रा के दौरान वाहनों के आवागमन में भी कोई सुविधा न हो उसका भी ध्यान रखा गया है।
