महराजगंज के नगर पंचायत सिसवा क्षेत्र में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गौशाला की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया है। प्रशासन का दावा है कि जिस जमीन पर यह बुलडोजर चला है, वह सरकारी रिकॉर्ड में गौशाला के नाम दर्ज है, जिस पर दशकों पुराना अतिक्रमण था। इस कार्रवाई से पहले राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी जमीन की नाप-जोख (पैमाइश) की और अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद बुलडोजर चलाकर निर्माण को ढहा दिया। अचानक हुई इस बड़ी कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया। मौके पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे बिना किसी बाधा के पूरा अतिक्रमण हटाओ अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
