श्रद्धांजलि: अपने सुरों से लोगों का दिल जीतने वालीं लता मंगेशकर अब हमारे बीच नहीं रहीं। लता जी ने रविवार सुबह दुनिया को अलविदा कह दिया। लता मंगेशकर के निधन की खबर सुनते ही हर किसी का दिल टूट गया और आंखें आंसुओं से भीग गई। स्वर कोकिला के नाम से मशहूर लता मंगेशकर की आवाज आज भी कानों में मिश्री घोल देती है।
महान गायिका लता मंगेशकर के निधन से देशभर में गम का माहौल है। केंद्र सरकार ने 6 व 7 फरवरी को राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। 92 वर्षीय लता जी का रविवार सुबह मुंबई के ब्रीचकैंडी अस्पताल में निधन हो गया। रविवार शाम 6.30 बजे राजकीय सम्मान के साथ मुंबई में अंत्येष्टि की जाएगी। पीएम नरेंद्र मोदी श्रद्धांजलि देने मुंबई जाएंगे।
देश में दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। इस बारे में राज्यों के मुख्य सचिवों को संदेश भेजकर सूचना दी गई। राष्ट्रीय शोक के दौरान 6 व 7 फरवरी को राष्ट्र ध्वज आधा झुका रहेगा। केंद्र सरकार ने महान गायिका के सम्मान में दो दिनी राष्ट्रीय शोक का फैसला किया है। इस दौरान कोई सरकारी मनोरंजन के कार्यक्रम नहीं होंगे। लता मंगेशकर की अंत्येष्टि पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी।
