यूपी : उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले राज्य के एथलीटों को 6 करोड़ रुपये, रजत पदक जीतने पर 4 करोड़ रुपये और कांस्य पदक जीतने पर 2 करोड़ रुपये देने का एलान किया है। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही राज्य में खेलों के दायरे में बढ़ोतरी की भी बात कही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘चीयर फॉर इंडिया’ कार्यक्रम के तहत निगोहां के उतरांवा गांव के मिनी स्टेडियम में बने ओपन जिम के उद्घाटन के दौरान सीएम ने कहा कि खिलाड़ी अपने आप में अनुशासित होता है। व्यक्ति का जीवन अगर अनुशासित नहीं है तो वह समय-समय पर अपने पथ से भटकने लगता है। युवा अनुशासित होकर कार्य के प्रति अपना ध्यान केंद्रित करें।
टोक्यो ओलंपिक में प्रतिभाग कर रहे भारतीय खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए ‘चीयर फॉर इंडिया’ कार्यक्रम के तहत ओपन जिम के लोकार्पण और युवाओं से संवाद करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि कोरोना महामारी के दौरान दुनिया के खेल में भारत का अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधि मंडल इस खेल महोत्सव में गया है। इसमें यूपी के दस खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने युवा मोर्चा को धन्यवाद दिया कि वह अपने देश के खिलाड़ियों के समर्थन में ‘खेलो इंडिया जीतो इंडिया’ के अंतर्गत कार्यक्रम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली देश की बेटी मीराबाई चानू एक साधारण परिवार और गांव की बेटी है। लेकिन उन्होंने अपने अथक परिश्रम, दृढ़ निश्चय, कड़े अनुशासन एवं खेल भावना से देश का नाम रोशन किया है। उसने प्रेरणा लेकर युवा आगे बढ़ सकता है। चीयर फॉर इंडिया कार्यक्रम के तहत 136 करोड़ की आबादी की भावनाएं जुड़ी है। हमें पूरी उम्मीद है कि टोक्यो ओलंपिक में भारतीय दल सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके लौटेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलकूद की प्रवृत्तियों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने खेल विश्वविद्यालय बनाये जाने का निर्णय किया है। योगी ने कहा कि खिलाड़ी अपने लिए नहीं खेलता देश के लिए खेलता है।
