गुजरात: गुजरात मे भाजपा का आदिवासी वोटरों पर होगा फोकस, आदिवासी वोटरों को साधने के लिए आज लॉन्च होगा ‘गौरव यात्रा’

गुजरात विधानसभा चुनाव 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। इसी के साथ गुजरात चुनाव को लेकर सियासी गहमागहमी भी बढ़ गई हैं। इसी क्रम मे गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी कमर कस ली हैं।

भाजपा ने भी अपनी रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। गुजरात में इस साल के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को आम आदमी पार्टी (AAP) से कड़ी टक्कर मिल रही है। आप नेताओं की जनसभाओं में होने वाली भीड़ ने भाजपा ‘थिंकटैंक’ की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में वोटरों को साधने के लिए भाजपा ने अपना मास्टर स्ट्रोक चला है।

भारतीय जनता पार्टी चुनावों से पहले राज्य में ‘गुजरात गौरव यात्रा’ लॉन्च करने जा रही है। पांच अलग-अलग मार्गों पर यह यात्रा आज से ही शुरू होगी, जिसका शुभारंभ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। भाजपा की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आदिवासी वोटरों को साधना है।

दरअसल, आदिवासी वोटर परंपरागत रूप से कांग्रेस को वोट देते आए हैं, अब आम आदमी पार्टी इन वोटरों को लुभाने में जुटी है। ऐसे में भाजपा ने अपनी यात्रा के लिए जिन मार्गों को चुना है, उनका उद्देश्य ऐसे ही वोटरों पर अपनी पकड़ को मजबूत बनाना है। यह तीसरी बार है कि भाजपा गुजरात में गौरव यात्रा शुरू करने जा रही है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारका से इस यात्रा की शुरुआत करेंगे।