UP मौसम: लगातार हो रही बारिश के कारण लखनऊ में आज स्कूल बंद, अस्पताल अलर्ट, कंट्रोल रूम भी बना, प्रशासन सतर्क

यूपी सरकार: अक्तूबर में लगातार हो रही बारिश से प्रदेश में हालात बिगड़ गए हैं। यूपी के अधिकांश जिलों में बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। प्रदेश के अन्य जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है या खतरा मंडरा रहा है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच रविवार को प्रदेश में 34 लोगों की मौत हो गई। इनमें बिजली गिरने, मकान ढहने और नदियों में बहने से हुई मौतें शामिल हैं, कई जगहों पर पशुओं की भी मौत हो गई है। सीएम योगी ने इन घटनाओं पर दुख व्यक्त करते हुए हादसे के शिकार हुए लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मदद की घोषणा की।

लखनऊ में रविवार सुबह से देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इसके साथ ही सोमवार को भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने 10 अक्तूबर को शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के कक्षा एक से 12 तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखते हुए कंट्रोल रूम भी बना दिया है। जनपद वासियों के लिए एडवाइजरी कर उन्हें सतर्क रहने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को हालात के मद्देनजर सचेत रहने को कहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निरीक्षण करने के लिए खुद मैदान में उतरने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावितों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से राहत सामग्री वितरित करें। जनहानि पर शासन से अनुमन्य राहत राशि पीड़ित परिवार को शीघ्र दें। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के अलावा स्थानीय स्तर पर भी टीमों को अलर्ट किया जाए। विभागीय मंत्री भी भौतिक निरीक्षण करें। राजस्व टीमें फसलों के नुकसान का आकलन करें। किसानों की मदद के लिए सरकार तैयार है। किसी भी सिविक समस्या, जल भराव, पेड़ गिरने आदि की सूचना नगर निगम कंट्रोल रूम के नंबर 9151055671, 9151055672, 9151055673 व टोल फ्री नंबर 1533 पर सूचना दे सकते हैं।

बिजली ब्रेकडाउन होने पर हेल्पलाइन नंबर 1912 पर कॉल कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से पानी उबाल कर पीने, नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से ब्लीचिंग पाउडर व क्लोरीन की गोलियां प्राप्त कर उसका इस्तेमाल करने को भी कहा है। उन्होंने बताया कि किसी भी चिकित्सीय आपातकाल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी लखनऊ के कंट्रोल रूम 0522-2622080 पर संपर्क कर सकते हैं। अन्य किसी समस्या के लिए इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर के नंबर 0522-4523000 पर समस्या दर्ज करा सकते हैं।