Politics

सियासत: सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर ने वाई श्रेणी की सुरक्षा मिलने पर भाजपा का जताया आभार, बोले- अखिलेश यादव से तलाक के पेपर तैयार

लखनऊ: आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव में सपा को मिली करारी हार के बाद से ही जहूराबाद विधायक एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर सपा के खिलाफ मुखर हैं। विधान परिषद चुनाव के दौरान वह एक सीट की मांग कर रहे थे लेकिन सपा ने उनकी नहीं सुनी। इससे भी वह नाराज चलने लगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने राष्ट्रपति चुनाव में सपा के बजाय भाजपा समर्थित उम्मीदवार द्रौपदी मूर्मू के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में मतदान के दिन भी कहा था कि सपा व रालोद के भी कई विधायक मुर्मू को वोट दे सकते हैं। वह सच निकला।

इस बीच ओमप्रकाश राजभर को शासन के निर्देश पर वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। राजभर वाई श्रेणी की सुरक्षा मिलने से गदगद हैं। शुक्रवार को उन्होंने भाजपा का आभार जताया। उन्होंने सपा से गठबंधन के सवाल पर मजाक के लहजे में कहा कि अखिलेश यादव से तलाक के पेपर तैयार हैं, बस हस्ताक्षर होने बाकी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह अखिलेश की तरफ से तलाक और तलाक पेपर पर हस्ताक्षर होने का ही इंतजार कर रहे हैं।

राजभर ने कहा कि उन पर कई बार हमले हुए थे। अपर मुख्य सचिव गृह को कई बार पत्र भी लिखा था। बदले हालात को देखते हुए सरकार ने वाई श्रेणी की सुरक्षा दी है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिल से धन्यवाद।

Most Popular

To Top