अयोध्या: करोड़ों भारतीयों के दिलों में बसने वाली राममंदिर का 60 फीसदी काम पूरा, दिसंबर 2023 तक समिति को सौंपने का लक्ष्य

अयोध्या: करोड़ों भारतीयों के दिलों में बसने वाली श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण प्रगति पर है। अब तक मंदिर का 60 फीसदी और गर्भगृह का 20 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। राममंदिर का निर्माण तेजी से चल रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दिसंबर 2023 तक गर्भगृृह का काम पूरा करने का लक्ष्य बनाया है।

जनवरी 2024 से भव्य गर्भगृह में भक्तों को रामलला का दर्शन प्राप्त होने लगेगा। जिसके चलते गर्भगृह निर्माण के काम में भी तेजी आ गई है। श्रीराम जन्मभूमि के गर्भगृह में करीब 10 हजार लाल पत्थर बिछाए जाने हैं। जिनमें से करीब पांच हजार पत्थरों की आपूर्ति हो चुकी है। गर्भगृह का काम भी सिंहद्वार, नृत्य मंडप से आगे बढ़कर गूढ़मंडप तक पहुंच गया है। राममंदिर में परकोटे का काम भी अगले महीने शुरू हो जाएगा।

मंदिर के चारों तरफ करीब आठ मीटर लंबे परकोटा का निर्माण किया जाएगा। राममंदिर की सुरक्षा के मद्देनजर परकोट 21 फीट ऊंचा बनाया जाएगा। परकोटे की दीवार से 14 फीट चौड़ा गलियारा बनाया जाएगा। गलियारे के ऊपर छत बनेगी, जिससे जब श्रद्धालु राममंदिर की परिक्रमा करें तो उन्हें धूप न लगे। हर माह होने वाले श्रीराम मंदिर निर्माण समिति की बैठक 18 व 19 नवंबर को होने जा रही है। मंदिर निर्माण कार्य पूर्ण कर दिसंबर 2023 तक समिति को सौंपने का लक्ष्य है। जिसके बाद भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकेंगे।