



सोनौली, महाराजगंज। आगामी बकरीद के त्यौहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। इसी क्रम में 24 मई को सोनौली कस्बे में उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी नौतनवा के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च सोनौली कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर गुजरा, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनमानस में सुरक्षा का भाव जगाना और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद कर त्यौहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उप जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि या शरारती तत्वों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस व प्रशासन को दें, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। प्रशासन का यह कदम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रति उनकी तत्परता को दर्शाता है।