महराजगंज के घुघली इलाके में सोमवार की देर शाम एक अजीब वाकया सामने आया। पुरैना खंडी चौराहे पर स्थित ‘होटल ताज’ में डायल-112 की गाड़ी से कुछ पुलिसवाले पहुंचे और तीन प्लेट बिरयानी पैक करवाई। लेकिन जब होटल वाले ने बिरयानी के पैसे मांगे, तो पुलिसकर्मी आनाकानी करने लगे और बहस पर उतारू हो गए। होटल के मालिक ने इस पूरी बहस का अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी पुलिसवालों के आने की बात साफ दिख रही है। होटल वाले का कहना है कि इन पुलिसवालों की यह तीसरी करतूत है। इससे पहले भी ये लोग चौराहे के एक दूसरे दुकानदार के साथ ऐसा ही कर चुके हैं, तब मामला थाने पहुंचने पर पैसे देकर मामला रफा-दफा किया गया था। इस घटना से स्थानीय दुकानदारों में काफी गुस्सा है, हालांकि अभी तक इस मामले पर पुलिस के बड़े अधिकारियों की तरफ से कोई बयान नहीं आया है।
