भारत जोड़ो यात्रा: आज से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आगाज, पांच महीने में 3570 किमी दूरी करेगी तय, राहुल गांधी ने दी पिता राजीव को श्रद्धांजलि

भारत जोड़ो यात्रा: आज से कांग्रेस कन्याकुमारी से श्रीनगर तक की एक मेगा रैली में अपनी 3,570 किलोमीटर लंबी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करेगी। यह रैली यात्रा पांच महीनों में 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करेगी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बुधवार को कन्याकुमारी से शुरू हो रही पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा से पहले ही चेन्नई पहुंच गए। यहां उन्होंने सुबह पिता राजीव गांधी की समाधि पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा को भारतीय राजनीति का ‘टर्निंग प्वाइंट’ करार दिया कन्याकुमारी, सात सितंबर कांग्रेस ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा आरंभ होने से पहले बुधवार को कहा कि यह यात्रा भारतीय राजनीति में एक ‘टर्निंग प्वाइंट’ (निर्णायक मोड़) है और एक नई शुरुआत का प्रतीक है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, “सात सितंबर 2022 एक ऐसा दिन जब देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी अब तक की सबसे लंबी पदयात्रा शुरू करेगी। आज का दिन एक शांत चिंतन और नए सिरे से संकल्प का दिन है।’ उन्होंने कहा, “भारतीय राजनीति में यह एक टर्निंग प्वाइंट है। एक नई शुरुआत का प्रतीक है।”

राहुल गांधी कन्याकुमारी में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे जहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद रहेंगे। यहां राहुल को खादी का राष्ट्रीय ध्वज सौंपा जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि वह आर्थिक विषमताओं, सामाजिक ध्रुवीकरण और राजनीतिक केंद्रीकरण की समस्याओं और  विचारधाराओं की लड़ाई के रूप में यह रैली कर रही है।