




महराजगंज। आगामी त्योहारों शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ को शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने शुक्रवार को परतावल कस्बे के मिश्रित आबादी वाले और संवेदनशील इलाकों में फुट पेट्रोलिंग की।
अधिकारियों ने बाजारों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आस-पास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को सुरक्षित माहौल का एहसास कराया। इस दौरान अपराधियों व हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग के भी निर्देश दिए गए।
थाना श्यामदेउरवा, एक प्लाटून पीएसी और आरटी के जवान पेट्रोलिंग में शामिल रहे। अधिकारियों ने थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह को त्योहारों के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि त्योहारों के दौरान अपेक्षित सभी कार्यवाहियों को पूर्ण जिम्मेदारी और सही तरीके से निभाया जाए। साथ ही बीट आरक्षियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने और जनता की शिकायतों का समय से निस्तारण करने का आदेश दिया गया।