पंजाब: मानव तस्करी मामले में पटियाला केंद्रीय जेल से गायक दलेर मेहंदी रिहा, हाईकोर्ट से मिली थी राहत

पंजाब: मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से राहत मिल गई है, मानव तस्करी मामले में पटियाला केंद्रीय जेल में बंद पंजाबी गायक को शुक्रवार को रिहा कर दिया गया है। मेहंदी को गुरुवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इस मामले में जमानत दे दी थी। दलेर मेहंदी ने मीडिया से कोई बात नहीं की और चुपचाप अपनी गाड़ी में निकले।

गौरतलब है कि दलेर मेहंदी को 2003 के कबूतरबाजी मामले में पटियाला की अदालत ने करीब दो महीने पहले दो साल कैद की सजा सुनाई थी। तब से वह जेल में उसी बैरक में बंद थे। मेहंदी व उनके भाई शमशेर सिंह मेहंदी के खिलाफ पटियाला पुलिस ने बख्शीश सिंह नाम के एक व्यक्ति की शिकायत पर केस दर्ज किया था। करीब 30 अन्य लोगों ने भी मेहंदी भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। आरोप लगे थे कि दोनों मेहंदी भाइयों ने गैरकानूनी ढंग से अमेरिका पहुंचाने के लिए उनसे मोटी रकम ली थी लेकिन बाद में अमेरिका नहीं भेजा।

दलेर मेहंदी और उनके भाई शमशेर सिंह पर आरोप लगाया गया था कि वे लोगों को अपनी मंडली में शामिल कर विदेश लेकर जाते थे। इसके लिए लोगों से मोटी रकम वसूली जाती थी। 2003 में पटियाला सदर पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के अनुसार मेहंदी बंधुओं ने 1998 और 1999 में दो मंडलियां बनाई थीं। इस दौरान 10 लोगों के समूह को अमेरिका ले जाया गया और अवैध रूप से वहीं छोड़ दिया गया।