राजस्थान: अशोक गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष की रेस में आने से सियासी हलचल तेज, सचिन पायलट सोनिया गांधी से मुलाकात करने पहुंचे दिल्ली

राजस्थान: राजस्थान में एक बार फिर सियासी संकट है। राजस्थान में सीएम अशोक गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष की रेस में शामिल होने के साथ ही सियासी हलचल बढ़ गई है। सचिन पायलट के राजस्थान के अगले सीएम बनने की चर्चा जोरो पर है लेकिन गहलोत के रहते सीएम पद पर सचिन पायलट का काबिज होना इतना आसान नहीं है। वहीं अब विधायक भी सीएम अशोक गहलोत और पायलट के पक्ष में खुलकर बातें रख रहे हैं।

इन सब के बीच कांग्रेस नेता सचिन पायलट दिल्ली पहुंचे हैं। यहां वे कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिल सकते हैं। बैठक इसलिए अहम है, क्योंकि रविवार को राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समर्थक विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को इस्तीफे सौंप दिए थे। विधायकों ने मुख्यमंत्री पद के लिए सचिन पायलट का नाम चर्चा में आने के बाद यह कदम उठाया था।

राजस्थान में पिछले चार साल से कांग्रेस को अपने ही नेताओं से सरकार गिराए जाने का खतरा बना हुआ है। नए सीएम को लेकर राजस्थान कांग्रेस पायलट और गहलोत गुट में बंट गई है। कहा जा रहा है कि अशोक गहलोत के पक्ष में 80 से अधिक विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है।