Uttar Pradesh

मेरठ: इंतजार हुआ खत्म, देश की प्रथम रैपिड रेल की पहली सुरंग मेरठ में बनकर तैयार, गहराई 15 मीटर

मेरठ: दिल्‍ली मेरठ के बीच रैपिड रेल कारिडोर के कार्यों ने गति पकड़ ली है। मेरठ से दिल्ली का सफर सुहाना होने का इंतजार खत्म होने जा रहा है। जहां दिल्ली में आनंद विहार से न्यू अशोक नगर की ओर पहली टनल का निर्माण कर रही सुदर्शन 4.1 (टनल बोरिंग मशीन) ने तीन किमी में से 1.5 किमी टनल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। वहीं मेरठ में भी टनल निर्माण का कार्य रफ्तार पर है।

82 किमी रैपिड रेल कॉरिडोर की पहली सुरंग मेरठ के गांधी बाग से बेगमपुल स्टेशन तक 760 मीटर की तैयार हो गई है। इसके अलावा अन्य सुरंग पर कार्य चल रहा है। यहां 15 मीटर गहराई में सुरंग बनाई गई है।
शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने बेगमपुल स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित किया। धनतेरस का दिन मेरठ ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए बड़ा दिन है। मई-2022 से गांधी बाग से सुरंग बनाने का कार्य शुरू किया गया था। वहीं, मार्च-2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया था। अगले महीने पहले चरण साहिबाबाद से दुहाई तक रैपिड रेल का ट्रायल किया जाएगा। वहीं, मार्च-2023 में पहले चरण में रैपिड रेल का संचालन शुरू हो जाएगा।
इसके अलावा मेरठ में 2023 के अंत तक शताब्दीनगर तक रैपिड और मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा। वहीं, मोदीपुरम तक जून-2025 तक रैपिड रेल का संचालन शुरू हो जाएगा। इस मौके पर कमिश्नर सेल्वा कुमारी.जे, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एनसीआरटीसी एमडी विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

Most Popular