कांग्रेस: कांग्रेस में अध्यक्ष पद के चुनाव की घोषणा होते ही जी-23 खेमा सक्रिय हो गया है। राहुल गांधी अध्यक्ष पद के लिए पहले ही मना कर चुके हैं। कांग्रेस में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए गहमागहमी तेज होती जा रही है।
एक तरफ तीन राज्यों ने राहुल गांधी को दोबारा पार्टी का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पास किया है, तो दूसरी तरह पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने पार्टी में बड़े बदलाव के लिए चलाई जा रही मुहिम का समर्थन कर दिया है। इसके बाद सोनिया गांधी ने थरूर को मिलने के लिए बुला लिया। वहीं सूत्रों के हवाले से खबर है कि शशि थरूर भी चुनाव लड़ने की संभावनाएं तलाश रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में थरूर और सोनिया गांधी के बीच अहम मुलाकात हुई है और कांग्रेस के कई नेता इस दौरान मौजूद रहे। गौरतलब है कि शशि थरूर के बारे में चर्चा है कि वह भी अध्यक्ष पद की दावेदारी ठोक सकते हैं। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस में तीसरी बार मुकाबला होगा। गौरतलब है कि पिछले तीन दशक में दो बार कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है।