यूपी: मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार के बाद यूपी के दोनों डिप्टी सीएम ने अखिलेश का हाथ पकड़कर बंधाया ढांढस, ये तस्वीर रही चर्चा में….

मुलायम सिंह यादव: धरतीपुत्र समाजवादी पार्टी के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का उनकै पैतृक निवास स्थान सैफई में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हो गया है। उनके बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। सोमवार शाम को ही उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास इटावा के सैफई पहुंच गया। वहां  उनके अंतिम दर्शन करने वालों का तांता लगा हुआ था। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद सपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।

पूरे देश से विभिन्न गणमान्य नेताओं, उद्योगपतियों, अभिनेताओं ने सैफई पहुंचकर नेताजी को श्रद्धांजलि दी और अखिलेश यादव को सांत्वना प्रदान की। इस बीच एक तस्वीर काफी चर्चा में आया जब यूपी के दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव के हाथों को अपने हाथों में लेकर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान केशव एक हाथ से अखिलेश यादव की पीठ सहलाकर भी उन्हें सांत्वना दे रहे थे। उनके पीछे ही पूर्व भाजपा नेता और वर्तमान में सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य बैठे हुए हैं जबकि ब्रजेश पाठक के एक तरफ आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह बैठे हैं।

कुछ दिनों पहले यूपी विधानसभा में एक मुद्दे पर चर्चा करते समय केशव प्रसाद मौर्य और अखिलेश यादव के बीच तल्खी बढ़ गई थी और सदन का माहौल गरमा गया था। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि सड़कें क्या सैफई की जमीनें बेचकर बनाई गई हैं। इसके जवाब में सपा नेता ने उन्हें जवाब देते हुए कहा था कि ”तुम अपने घर से अपने पिता जी से पैसा लाते हो क्या ये सब बनाने के लिए।” इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीच-बचाव करते हुए माहौल शांत कराया था।

आपको बता दे कि पूर्व केंद्रीय मंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोमवार को हो गया था। वे कई बीमारियों से ग्रसित थे और लगभग एक महीने पहले भर्ती कराए गए थे।