यूपी: यूपी में स्कूलों की बदहाली को लेकर आज से आप पार्टी यूपी के स्कूलों की पोल ‘सेल्फी विद सरकारी स्कूल’ अभियान से खोलेगी

सेल्फी विद सरकारी स्कूल: उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों की दुर्दशा को उजागर करने के लिए आम आदमी पार्टी ने सेल्फी विद सरकारी स्कूल अभियान शुरू किया है। आप पार्टी सोमवार (5 अगस्त, 2022) से शुरू होने वाले इस अभियान को एक सप्ताह तक चलाएगी और प्रतिदिन 50 सरकारी स्कूलों के फोटो और वीडियो जारी करेगी।

उत्तर प्रदेश में स्कूलों की बदहाली को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर अभियान की शुरुआत शिक्षक दिवस यानी आज से ही करेगी। आप के प्रदेश प्रभारी व सांसद संजय सिंह ने कहा कि इस अभियान को ‘सेल्फी विद सरकारी स्कूल’ नाम दिया गया है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान के तहत आप के कार्यकर्ता सरकारी स्कूलों में जाकर बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं की पोल खोलेंगे।

आप के प्रदेश प्रभारी व सांसद संजय ने पार्टी कार्यालय में  पत्रकारों से बातचीत में कहा कि स्कूलों की बदहाली के मामले में यूपी देश का पहला राज्य बन गया है। यूपी में 25577, एमपी में 22824, असम में 6271 और झारखंड में 1101 सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं। कई अन्य भाजपा शासित राज्यों में भी हजारों की संख्या में स्कूल बंद हो चुके हैं। इसलिए अभियान चलाने के निर्णय लिया गया है। उन्होंने व्हाट्सएप नंबर 8382928009 जारी कर जनता से भी स्कूलों की अव्यवस्था की फोटो व वीडियो साझा करने का आह्वान किया है।

नगर निकाय चुनाव की तैयारियों के लिए पार्टी ने एक समिति बनाई है। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह को इसका अध्यक्ष बनाया गया है। ब्रज कुमारी सिंह, अनूप पांडेय, सरबजीत सिंह मक्कड़, सुबोध यादव व निर्मल मिश्रा को सदस्य बनाया गया है।