जापान: पीएम मोदी शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में हुए शामिल, टोक्यों में जापानी पीएम फुमियो किशिदा से भी की मुलाकात

जापान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व जापानी प्रधान मंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जापान के टोक्यो पहुंचे और शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस दौरान वे काफी भावुक नजर आए। पीएम ने सभी भारतीयों की ओर से श्रीमती आबे के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त किया। जापान दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यों में जापानी पीएम फुमियो किशिदा से मुलाकात की।

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-जापान संबंध को लेकर चर्चा हुई। फुमियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा, मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में भारत-जापान संबंध गहरे होंगे और नई ऊंचाइयों को छुएंगे और हम दुनिया की समस्याओं को हल करने में एक उपयुक्त भूमिका निभा पाएंगे।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व जापानी पीएम शिंजो आबे को भी याद किया। उन्होंने कहा, दुख की इस घड़ी में आज हम मिल रहे हैं। पिछली बार जब मैं आया था तो मेरी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ लंबी बातचीत हुई थी। भारत शिंजो आबे को याद कर रहा है।

पीएम मोदी के अलावा अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भी आबे के अंतिम संस्कार में पहुंची हैं। इसके अलावा 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्षों समेत 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि जापान पहुंचे हैं।