बिकरू कांड: बिकरू कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे की बहू का 1.40 करोड़ रुपये कीमत का लखनऊ वाला मकान जब्त कर सील किया

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुए बहुचर्चित बिकरू कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे के करीबियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का शिकंजा कसा जा रहा है। अभी भी बिकरू कांड को लेकर आउटर पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने सोमवार को लखनऊ स्थित विकास दुबे की बहू अंजलि दुबे का मकान जब्त कर सील किया। गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने जब्तीकरण की कार्रवाई की। मकान की कीमत करीब एक करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये है। पुलिस का दावा है कि अपराध के जरिये ये संपत्ति बनाई गई थी।

बिकरू गांव में दो जुलाई 2020 की रात को पुलिस गैंगस्टर विकास दुबे को पकड़ने गई थी। विकास व उसके गुर्गों ने हमला कर सीओ व एसओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। विकास दुबे समेत छह बदमाश एनकाउंटर में मारे गए थे। 44 आरोपी जेल में बंद हैं। पुलिस ने चार महिला आरोपियों को छोड़कर अन्य सभी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। उसी के आधार पर इन बदमाशों की अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर पुलिस जब्त कर रही है।

चौबेपुर इंस्पेक्टर जगदीश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम सोमवार दोपहर लखनऊ के कृष्णा नगर इंद्रलोक कॉलोनी पहुंची। बाकायदा डुगडुगी बजाकर कृष्णा नगर पुलिस की मदद से मकान नंबर के-528 को सील किया। इंस्पेक्टर जगदीश ने बताया कि जांच में सामने आया था कि वर्ष 2012 में यह संपत्ति विकास के भाई दीपक दुबे की पत्नी अंजलि दुबे के नाम पर खरीदी गई थी। इसमें विकास दुबे की अवैध कमाई लगी हुई है।

जो संपत्तियां चिह्नित की जा रही हैं या जिनका सत्यापन हो गया है, उनको जब्त किया जा रहा है। कुछ और संपत्तियों की जानकारी मिली है। तस्दीक करने के बाद उनको भी जब्त किया जाएगा। पुलिस अब तक गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 16 संपत्तियां जब्त कर चुकी है। गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज किए गए केस की विवेचना जारी है।