पाकिस्तान: पाकिस्तान में विनाशकारी बाढ़ से हालात बेहद खराब हैं। पाकिस्तान में बाढ़ ने देश भर में हजारों एकड़ फसलों को नष्ट कर दिया है। पाकिस्तान में बाढ़ की वजह से महंगाई चरम पर है। पाकिस्तान में कृषि भूमि, शहरी क्षेत्र में तबाही के साथ-साथ मवेशियों के मारे जाने की वजह से अर्थव्यवस्था को बड़े नुकसान का अंदाजा लगाया जा रहा है।
इस बीच पाकिस्तान के मंत्री ने कहा है कि देश को बारिश और बाढ़ की वजह से 40 अरब डॉलर से ज्यादा का नुकसान हुआ है। पिछले हफ्ते ही संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने पाकिस्तान दौरे पर अंदाजा लगाया था कि उसे बाढ़ से करीब 30 अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में सोमवार को ही राष्ट्रीय बाढ़ प्रतिक्रिया सहयोग केंद्र (एनएफआरसीसी) की बैठक हुई थी। इसमें वित्त मंत्रालय ने बाढ़ से हुए आर्थिक नुकसान पर रिपोर्ट रखी। वित्त मंत्रालय का कहना है कि शुरुआती जांच में ही देश में 18 अरब डॉलर से ज्यादा नुकसान का अनुमान लगा लिया गया है।
पाकिस्तान में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 1400 से अधिक हो गई है और 30 अरब डॉलर का अनुमानित नुकसान हुआ है। देश के शासक ने अपने हाथ खड़े कर दिए हैं। कह रहे हैं कि न तो उनके पास पैसा है न ही लोगों की पीड़ा कम करने के लिए साधन, बाढ़ के बाद जमा हुए पानी से गंभीर बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है l