महाराष्ट्र: मुंबई में ‘लालबाग के राजा’ के दर्शन करने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने परिवार के साथ पहुंचे, शिंदे व फडणवीस भी रहे साथ

महाराष्ट्र: 10 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरूआत 31 अगस्त, बुधवार से हो चुकी है। इस 10 दिनों में हर गणेश मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। वैसे तो गणेश उत्सव पूरे देश में बड़ी ही धूम-धाम से मनाया जा रहा है, लेकिन महाराष्ट्र में इसकी रौनक देखते ही बनती है। मुंबई में तो कई बड़े पांडाल सजाए जाते हैं जहां लाखों भक्त रोज दर्शन करने जाते हैं।

इस बीच सोमवार को गृहमंत्री अमित शाह महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के घर मिलने पहुंचे हैं l महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फड़णवीस की सरकार बनने के बाद अमित शाह का यह पहला मुंबई दौरा है l महाराष्ट्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने परिवार के साथ मुंबई में ‘लालबाग के राजा’ के दर्शन करने पहुंचे। गृह मंत्री के साथ मुंख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे। इस दौरान शाह ने विधि विधान से पूजा-अर्चना भी की।

‘लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल’ ने हमेशा की तरह इस बार भी बड़े पैमाने पर कार्यक्रम का आयोजन किया है। इस बार लालबाग के राजा की 12 फीट की विशाल प्रतिमा बनाई गई है। इसमें भगवान गणेश सिंहासन पर शाही मुद्रा में बैठे नजर आ रहे हैं। लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल ने इस वर्ष भव्य उत्सव समारोह के लिए विस्तृत व्यवस्था की है। दर्शन के लिए मुंबई समेत देशभर से लाखों भक्त पहुंचते हैं। गणेशोत्सव के दौराना रोजाना आरती व पूजन होता है। इस बार लालबाग के राजा के सिंहासन की थीम अयोध्या का राम मंदिर रखा है। लालबाग का राजा मुंबई का सबसे अधिक लोकप्रिय सार्वजनिक गणेश मंडल है। देश ही नहीं विदेश से भक्त यहां बाप्पा के दर्शनों के लिए आते हैं।