दिल्ली: पीएम मोदी ने किया सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन, पीएम मोदी ने किया सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का किया अनावरण

दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आज गुलामी की एक और पहचान से मुक्ति मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 28 फुट ऊंची प्रतिमा का भी अनावरण किया। ग्रेनाइट पत्थर पर उकेरी गई इस प्रतिमा का वजन 65 मीट्रिक टन है। पीएम मोदी बोले- कर्तव्य पथ केवल ईंट-पत्थरों का रास्ता भर नहीं है। ये भारत के लोकतांत्रिक अतीत और सर्वकालिक आदर्शों का जीवंत मार्ग है।

अनावरण के बाद पीएम मोदी ने संबोधन में कहा कि आज भारत के आदर्श अपने हैं, आयाम अपने हैं। आज भारत के संकल्प अपने हैं, लक्ष्य अपने हैं। आज हमारे पथ अपने हैं, प्रतीक अपने हैं। पीएम मोदी ने कहा, आज अगर राजपथ का अस्तित्व समाप्त होकर कर्तव्यपथ बना है, आज अगर जॉर्ज पंचम की मूर्ति के निशान को हटाकर नेताजी की मूर्ति लगी है, तो ये गुलामी की मानसिकता के परित्याग का पहला उदाहरण नहीं है। ये न शुरुआत है, न अंत है। आज देश अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे सैकड़ों कानूनों को बदल चुका है।

सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के अनावरण के बाद पीएम मोदी ने श्रमजीवियों (मजदूरों) से मुलाकात की। पीएम मोदी ने ‘श्रमजीवी’ से कहा कि वह 26 जनवरी गणतंत्र दिवस परेड के लिए सेंट्रल विस्टा के पुनर्विकास परियोजना पर काम करने वाले सभी लोगों को आमंत्रित करेंगे। इसके बाद उन्होंने नए सेंट्रल विस्टा एवेन्यू पर प्रदर्शनी देखी।

पीएम मोदी ने कहा सुभाषचंद्र बोस ऐसे महामानव थे, जो पद और संसाधनों की चुनौती से परे थे। उनकी स्वीकार्यता ऐसी थी कि पूरा विश्व उन्हें नेता मानता था। उनमें साहस था, स्वाभिमान था। उनके पास विचार थे, विजन था। उनमें नेतृत्व की क्षमता थी, नीतियां थीं।