महराजगंज, 02 जुलाई 2025: महराजगंज पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ रील बनाकर वायरल करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर गठित सोनौली थाना पुलिस की टीम ने बुधवार को ग्राम जारा पोखरा के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक अवैध 0.22 बोर रिवॉल्वर बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान *मोहम्मद आरिफ* (22 वर्ष), पुत्र अब्दुल इस्लाम, निवासी वार्ड नं. 1, अम्बेडकर नगर, थाना सोनौली, और *सुदीप साहनी* (18 वर्ष), पुत्र हरिश्चन्द्र साहनी, निवासी सेमरहना, थाना बरगदवा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने मुखबीर की सूचना के आधार पर सुबह करीब 05:35 बजे यह कार्रवाई की।
बरामदगी के आधार पर थाना सोनौली में मुकदमा संख्या 66/2025, धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों अभियुक्तों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए महराजगंज के माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की है कि अवैध हथियारों का उपयोग और सोशल मीडिया पर ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देने से बचें। इस तरह की गतिविधियां गैरकानूनी हैं और सख्त कार्रवाई की जाएगी
