कांग्रेस: आज कांग्रेस पार्टी को 24 वर्ष बाद मिलेगा गैर-गांधी नया अध्यक्ष, सुबह 10 बजे से शुरू होगी मतगणना, दीवाली के बाद संभालेंगे कार्यभार

कांग्रेस अध्यक्ष पद: देशभर में करीब 22 वर्षों बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग हुई है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में 17 अक्टूबर को मतदान हुए। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत करीब 9500 डेलीगेट (निर्वाचक मंडल के सदस्यों) ने पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए सोमवार (17 अक्तूबर) को मतदान किया था।

कांग्रेस पार्टी को आज नया अध्यक्ष मिलना तय है। आज यानि की 19 अक्टूबर को चुनाव परिणाम की घोषणा के साथ ही साफ हो जाएगा कि कांग्रेस का अध्यक्ष कौन बनेगा। 24 वर्षों बाद कांग्रेस में कोई गैर गांधी परिवार का व्यक्ति अध्यक्ष बनेगा। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज मतगणना होगी और इसी के साथ 24 साल बाद नेहरू-गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना जाएगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर मैदान में हैं। सूत्रों ने बताया कि मतगणना बुधवार सुबह 10 बजे से शुरू होगी और उसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

नया अध्यक्ष सोनिया गांधी की जगह लेगा, दोपहर तीन से चार बजे के बीच परिणाम घोषित होने की संभावना है। मल्लिकार्जुन खड़गे को चुनाव जीतने के प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्ष के पांच एजेंट मतगणना की निगरानी करेंगे जबकि दोनों पक्षों के दो एजेंटों को रिजर्व में रखा जाएगा। प्रदेश मुख्यालय से मतपेटियां कांग्रेस कार्यालय में मतगणना स्थल पर पहुंच गई हैं।

चुनाव प्राधिकरण के एक पदाधिकारी ने कहा कि देश के सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियां कांग्रेस मुख्यालय लाई गईं हैं। इन्हें कांग्रेस मुख्यालय के भीतर बने स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया है। मतगणना पार्टी मुख्यालय में ही होगी। माना जा रहा है कि मतगणना के मौके पर दोनों उम्मीदवारों के एजेंट के अलावा उनके समर्थक भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचेंगे। केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा करेंगे।

कांग्रेस मुख्यालय समेत लगभग 68 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ था। कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए अब तक 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए हैं। इस बार पूरे 22 वर्षों के बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ है। उन्होंने बताया कि इस चुनाव से 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना जाएगा। इससे पहले सीताराम केसरी गैर-गांधी अध्यक्ष रहे थे। कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि निर्वाचित अध्यक्ष दीवाली के बाद कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कार्यभार संभालेंगे।