महराजगंज: सिंदुरिया
स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग गांवों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए हैं। दोनों घटनाओं में महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना 14 मई की है, जब एक महिला अपने बच्चों के साथ घर पर थी। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। रात लगभग आठ बजे गांव का ही युवक आशीष प्रजापति पुत्र नरेंद्र प्रजापति घर में घुस आया और उसका हाथ पकड़कर अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और कहा कि बच्चों को नुकसान पहुंचा देगा व समाज में बदनाम कर देगा।
पीड़िता ने पहले गांववालों के कहने पर समझौता किया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। अब वह महिला की फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर डाल रहा है और धमकी दे रहा है कि “या तो मेरे साथ रहो, नहीं तो आत्महत्या कर लो।” इससे महिला मानसिक रूप से काफी आहत है और अब उसने फिर से थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दूसरी घटना 20 जुलाई की बताई जा रही है। एक अन्य गांव की महिला ने तहरीर में बताया कि वह धान की रोपाई में व्यस्त थी और घर पर उसकी बेटी अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही युवक अर्जुन पुत्र जितई घर में घुस गया और बेटी के साथ जबरन अश्लील हरकतें करने लगा। लड़की के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग गया। जब महिला ने आरोपी से जवाब-तलब किया, तो उसे गालियां दी गईं।
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।




