महराजगंज की पुरन्दरपुर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है जो पूजा-पाठ और दान-दक्षिणा मांगने के बहाने लोगों के घरों में घुसता था और मौका पाकर कीमती गहने चोरी कर लेता था। पुलिस ने इस मामले में तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान अखिलेश पाण्डेय, शेरा पाण्डेय और चन्दन पाण्डेय के रूप में हुई है। ये तीनों कुशीनगर जिले के पडरौना इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने इन्हें मधुकरपुर महदेवा गांव के पुराने पंचायत भवन के पास से घेराबंदी करके दबोचा। पूछताछ में इन बदमाशों ने कुबूला कि बीती 6 जून को देवपुर गांव में जो चोरी हुई थी, उसे भी इन्हीं लोगों ने अंजाम दिया था। इन्होंने चोरी किए गए गहनों को नेपाल ले जाकर बेच दिया था। पुलिस ने इनके पास से ₹5,760 नगद, सोने की एक नथुनी और चोरी में इस्तेमाल होने वाली एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। इस कामयाबी को हासिल करने वाली पुलिस टीम में सब-इंस्पेक्टर राहुल यादव, हेड कांस्टेबल संतोष राव, कांस्टेबल सतीश कुमार, नीरज कुमार, मिथलेश कुमार और देवेन्द्र खरवार शामिल रहे।
