महराजगंज जनपद के थाना पुरन्दरपुर क्षेत्र में दहेज हत्या के मामले में वांछित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को मृतका की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि मारपीट और गाली-गलौज के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में थाना पुरन्दरपुर में मुकदमा संख्या 106/26, धारा 80(2), 85 बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में दयाशंकर यादव (49 वर्ष), उनका पुत्र विजय यादव (24 वर्ष) और पत्नी राधिका (45 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी करमहवा बुजुर्ग गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।
इस गिरफ्तारी में थाना पुरन्दरपुर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।
