जनपद महराजगंज में साइबर क्राइम से जुड़ी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज, आनंदनगर में एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री सोमेन्द्र मीना के निर्देशन, नोडल अधिकारी/अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम श्री सजनू यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय ने किया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि साइबर अपराध, डिजिटल तकनीकों का प्रयोग कर किए जाने वाले गैरकानूनी कार्य हैं। इसके खिलाफ जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी सजनू यादव ने बताया कि किस प्रकार साइबर ठग फोन कॉल, फर्जी OTP, लिंक या ऐप के माध्यम से लोगों को जाल में फंसा कर उनकी बैंक डिटेल्स लेकर ठगी करते हैं। उन्होंने भारत सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट cybercrime.gov.in की जानकारी देते हुए इनका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल प्रफुल्ल कुमार यादव ने फर्जी वेबसाइट्स की पहचान, https सिक्योरिटी सिंबल आदि के बारे में विस्तार से बताया। हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार सिंह ने “साइबर वालंटियर व्हाट्सएप ग्रुप” की शुरुआत की जिससे लोग आपस में जानकारी साझा कर सतर्क रह सकें।
हेड कांस्टेबल अभिनव प्रताप सिंह द्वारा साइबर जागरूकता पर्ची का वितरण किया गया जबकि हेड कांस्टेबल श्रीमती चंद्रप्रभा वरमानी ने छात्राओं को साइबर सेफ्टी के विशेष उपायों की जानकारी दी।
इस अवसर पर फरेंदा थाना से उप निरीक्षक अंजली राय, महिला कांस्टेबल दीपिका मिश्रा, कांस्टेबल मनीष गौतम और राजेश मिश्रा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के सफल संचालन में कॉलेज के प्रवक्ताओं डॉ. अभिमन्यु शर्मा, कौशलेंद्र सिंह, मुरलीधर जायसवाल, यशवंत सिंह, राजेश चौधरी, सत्य प्रकाश मौर्य, श्रीदयाल वर्मा, वंशदीप मौर्य, डॉ. मुकुलेश्वरी गुप्ता, रम्या मिश्रा, अनुपम पांडे, सतीश कुमार व अनिरुद्ध चौरसिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
