महराजगंज जनपद की श्यामदेउरवां पुलिस ने अंतरजनपदीय एटीएम चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों प्रदीप कुमार पासवान और संदीप पासवान निवासी मोहरीपुर गोरखपुर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ व क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम के मार्गदर्शन में टीम ने त्रिनेत्र ऐप की मदद से अपराधियों को चिन्हित कर ग्राम पिपरपाति से हिरासत में लिया। इनके कब्जे से 34 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, 45,000 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। यह गिरोह ग्रामीण इलाकों के सुनसान एटीएम पर भोले-भाले लोगों की मदद करने के बहाने कार्ड बदल देता था और फेरीवाले बनकर इलाकों की रेकी करता था। पकड़े गए अभियुक्तों पर मु.अ.सं. 123/2026 और 129/2026 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, उ.नि. रामानुज यादव, उ.नि. अंजनी कुमार व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

