यूपी: केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर की अगुवाई मे आज से संगमनगरी से होगी स्वच्छता अभियान 2.0 की शुरुआत, 31 अक्तूबर तक चलेगा अभियान

संगमनगरी: एक अक्टूबर यानी आज केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर  प्रयागराज आकर स्वच्छ भारत अभियान 2.0 का शुभारंभ करेंगे। कचरा निस्तारण में अव्वल रहे प्रयागराज के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर 630 घंटे तक संगम नगरी में रहेंगे। इस तरह एक बार फिर संगम क्षेत्र से पूरे देश को स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर शनिवार को युनाइटेड इंजीनियरिंग कॉलेज तथा संगम क्षेत्र स्थित किला घाट से इस राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान की शुरुआत करेंगे। 75 लाख किग्रा प्लास्टिक कचरा के निस्तारण के लक्ष्य के साथ 31 अक्तूबर तक अभियान चलेगा। पूरे साल में एक करोड़ किग्रा प्लास्टिक कचरा निस्तारित किया जाएगा।

पिछले वर्ष भी एक से 31 अक्तूबर के बीच पूरे देश में स्वच्छ भारत अभियान चला था। उस समय भी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एमएनएनआईटी के सभागार में इसकी औपचारिक शुरुआत की थी। साथ ही संगम क्षेत्र में झाड़ू लगाई थी।स्वच्छता अभियान 2.0 की शुरुआत भी संगमनगरी से होने जा रही है। इस बार भी प्लास्टिक कचरा के निस्तारण पर ही जोर होेगा।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर नैनी स्थित युनाइटेड इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार मेें दिन में करीब एक बजे इसकी घोषणा करेंगे। वह स्वच्छता प्रहरियों को प्रशस्ति पत्र भी सौंपेंगे। वह एयरपोर्ट से सीधे आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे। युनाइटेड इंजीनियरिंग कॉलेज में अभियान की घोषणा एवं संबोधन के बाद वह करीब 2.40 बजे संगम किला घाट पहुंचेंगे और झाड़ू लगाकर सफाई अभियान को गति देंगे।

यह अभियान देश के 744 जिलों के छह लाख गांवों में चलेगा। 31 अक्तूबर तक चलने वाले अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न आयोजन होंगे। नेहरू युवा केंद्र संगठन की अगुवाई में चलने वाले इन आयोजनों से राष्ट्रीय सेवा योजना समेत अन्य छोटे-बड़े संगठनों के अलावा प्रमुख लोगों को शामिल किया जाएगा।