महराजगंज: भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जनपद महराजगंज में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने बाबा साहेब के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन सामाजिक समानता, न्याय और संविधान के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर के सिद्धांत आज भी समाज को सही दिशा देने में मार्गदर्शक हैं और उनके आदर्शों का पालन कर ही एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।


