वंदे भारत ट्रेन: देश की चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस अंब से दिल्ली के बीच चलेगी, पीएम मोदी कल ऊना रेलवे स्टेशन से दिखाएंगे हरी झंडी

वंदे भारत ट्रेन: देश की चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस राजधानी नई दिल्ली को ऊना हिमाचल से जोड़ेगी। इस ट्रेन का टाइम टेबल जारी हो गया है। हिमाचल प्रदेश के अंब-अंदौरा से दिल्ली के लिए देश की चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी। योजना है कि इस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 अक्तूबर को ऊना रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाएंगे।

अंब अंदौरा से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दोपहर 1:00 बजे रवाना होगी। मात्र 21 मिनट में ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगी। यहां दो मिनट रुककर 1:23 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन चंडीगढ़ 3:35 बजे पहुंचेगी। जबकि, अंबाला 4:13 बजे यात्रियों को पहुंचाएगी। दिल्ली में ट्रेन 6:25 बजे पहुंचेगी। अंब से दिल्ली तक का सफर इस ट्रेन के माध्यम से करीब साढ़े छह घंटे में पूरा होगा।

दिल्ली से यह ट्रेन सुबह 5:50 बजे अंब के लिए रवाना होगी। अंबाला में सुबह 8:00 बजे पहुंचेगी। सुबह 10:34 बजे पर रेलवे स्टेशन ऊना में होगी। यहां दो मिनट रुकने के बाद अंब-अंदौरा में 11:05 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन हफ्ते में बुधवार को छोड़कर छह दिन चलेगी। ऊना से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन बड़ी सौगात मानी जा रही है। इस ट्रेन के शुभारंभ के साथ ऊना रेलवे स्टेशन में दिल्ली के लिए चलने वाली ट्रेनों की संख्या में इजाफा हो जाएगा।