यूपी: कानपुर में हुए बिकरू कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे के करीबियों पर ईडी ने कसा शिकंजा, 10 बैंक खाते किये सीज

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुए बिकरू कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे के करीबियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का शिकंजा कस गया है। जिसके तहत ईडी ने पंजाब एंड सिंध बैंक में विकास दुबे के करीबी लोगों के खातों की जांच की और करीब 10 खाते सीज कर दिए l

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विकास दुबे के करीबियों के बैंक खातों के संबंध में जानकारी जुटाई है। कानपुर में दो दिन रहकर पंजाब एंड सिंध बैंक में विकास के करीबी लोगों के खातों की जांच की और 10 खाते सीज भी किए। कुछ के बयान दर्ज करने के साथ ही बैंक अफसर से भी पूछताछ की।

हालांकि बैंक प्रबंधन इस संबंध में कुछ भी कहने से इनकार कर रहा है। वहीं देर शाम अफसर लौट गए। सूत्रों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय ईडी के दो अफसर बैंक पहुंचे और जरूरी दस्तावेज लिए। एक दिन पहले बैंक के अफसर से कई घंटे पूछताछ की गई।

सूत्रों ने बताया कि विकास दुबे से जुड़े लोगों की चार सौ से ज्यादा संपत्तियों की सूची ईडी ने तैयार की है। इस संबंध में लगातार साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इसके चलते ही बैंक खाते खंगाले जा रहे हैं।