मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के रीवा में भीषण सड़क हादसा,  गोरखपुर जा रही बस ट्रॉले में घुसी, 15 की मौत, 8 की हालत गंभीर

मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के रीवा के पास नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा हुआ। इस बस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। हादसा शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। 40 लोग घायल हुए हैं। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। 12 लोगों की मौके पर जबकि दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्योंथर तथा एक व्यक्ति की मौत संजय गांधी अस्पताल रीवा में हुई है। आठ लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। रीवा जिला द्वारा हेल्पलाइन नंबर 831 970 6674 जारी किया गया है, जिनमें फोन कर घटना के संबंध में जानकारी ले सकते हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को यूपी पासिंग बस हैदाराबाद से गोरखपुर जा रही थी। तभी रात करीब 11.30 बजे बस ट्रॉले से टकरा गई। हादसे के वक्त कई मुसाफिर नींद में थे, जो हमेशा के लिए नींद में चले गए। चूंकि बस पीछे से ट्रॉले से टकराई थी तो कैबिन में बैठे लोग बुरी तरह इसमें फंस गए। उनकों निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करना पड़ी।

प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि आगे चल रहे ट्रेलर ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रही सीधे ट्रॉले में जा घुसी। बस में सभी श्रमिक सवार थे, जो दीपावली मनाने अपने घर जा रहे थे। हादसे में 40 के करीब लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, 15 लोगों की जान चली गई। सभी लोग उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। 40 घायलों में से 20 को प्रयागराज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाके के सीएमओ ने बताया है कि घायल यात्रियों को उपचार कराकर रात में 2 बसों में प्रयागराज भेजा गया है। मप्र के रीवा मेडिकल कॉलेज में गंभीर रूप से घायल यात्रियों का नि:शुल्क इलाज किया जा रहा है। रीवा जिला प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है।