
महराजगंज के सदर थाना क्षेत्र के चौपरिया कंचनपुर गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां नीट की परीक्षा दोबारा देने के बाद निराश होकर एक छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद जब परिजनों ने छात्रा का शव फंदे से लटकता देखा, तो घर में चीख-पुकार मच गई। बदहवास परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर भागे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। इस आत्मघाती कदम को उठाने से पहले छात्रा ने अपनी नीट की प्रश्न पुस्तिका (क्वेश्चन पेपर) पर ही एक भावुक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने लिखा था, “मेरे से कुछ नहीं हो सकता मेरे भइया।” बताया जा रहा है कि मृतका के पिता पेशे से सिलाई मजदूरी का काम करते हैं और बेहद तंगहाली के बावजूद मेहनत-मजदूरी करके अपने बच्चों को पढ़ा-लिखा रहे थे। बेटी की मौत की खबर फैलते ही पूरे परिवार और गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।