उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद में पुलिस, एसएसबी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 327.17 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई रविवार तड़के करीब 3:50 बजे थाना बरगदवा क्षेत्र के चकरार एसएसबी रोड पर की गई। मुखबिर की सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर ट्रक से गांजा बरामद किया।
बरामद गांजा कुल 21 पैकेटों में रखा गया था, जिनमें प्रत्येक का वजन लगभग 15 से 16 किलोग्राम बताया जा रहा है। इसके अलावा अभियुक्त के पास से एक मोबाइल फोन, ₹260 नगद, पर्स और एक ट्रक (HR38W1261) भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रंजीत गिरि (37 वर्ष) निवासी बेतिया, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संयुक्त कार्रवाई में एसएसबी और आबकारी विभाग के कई अधिकारियों व कर्मियों ने हिस्सा लिया। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


