दीपोत्सव: 21 से 23 अक्तूबर को होने वाले अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर, 4 लाख दीये तैयार, 38 घाटों पर जलेंगे 16 लाख दीये

अयोध्या: राम नगरी अयोध्या में एक बार फिर 21 से 23 अक्तूबर को होने वाले दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर चल रही है योगी सरकार अपने दूसरे कार्यकाल के पहले दीपोत्सव को बहुत ही भव्य तरह से मनाने जा रहे हैं। जिसमे इस वर्ष योगी के दूसरे कार्यकाल का जश्न भी दिखाई देगा। योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए शासन-प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है।

इस बार के दीपोत्सव में रामनगरी को 16 लाख दीयों से जगमगाने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए अजय प्रताप सिंह ने बताया कि दीपोत्सव पर कुल 16 लाख दीये जलाए जाएंगे। अभी तक हमने करीब 4 लाख दीयों का इंतजाम कर लिया है। 18 हजार वॉलंटियर्स दीये जलाएंगे जिनमें से करीब 2000 शिक्षक हैं। अयोध्या के कुल 38 घाटों पर दीपोत्सव होगा।

दीपोत्सव के लिए रामजन्मभूमि परिसर को सजाने का काम रविवार से शुरू हो गया है। इस बार दीपोत्सव में रामजन्मभूमि की भव्यता आकर्षण का केंद्र होगी। देश की प्रमुख लोक कलाओं के दर्शन भी यहां होंगे। अवधी, वरली, मधुबनी, मिथिला की चित्रकारी से रामजन्मभूमि के गर्भगृह की भव्यता में और इजाफा होगा।