सियासत: लालू यादव-नीतीश कुमार मिले सोनिया गांधी से, लालू बोले- हमने भाजपा को बिहार से विदा कर दिया अब देश से उनकी विदाई की बारी

सियासत: 2024 के आम चुनावों में बीजेपी का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने के उद्देश्य से रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।

इस दौरान 2024 के आम चुनावों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने की रणनीति पर चर्चा हुई। दरअसल, राजद प्रमुख लालू यादव शनिवार को दिल्ली पहुंचे थे, जबकि नीतीश हरियाणा में एक रैली में शामिल होने के बाद सीधे दिल्ली आए।

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता में बिहार CM नीतीश कुमार व RJD प्रमुख ने कहा कि हमने सोनिया जी से बात की, हमारा विचार है देश में अनेक दलों को एकजुट करना और मिलकर प्रगति के लिए काम करना। उनके पार्टी अध्यक्ष का चुनाव है इसके बाद आगे की बात होगी। बैठक के बाद लालू यादव ने संवाददाताओं से बात की।

उन्होंने कहा कि हमने भाजपा को बिहार से विदा कर दिया है। अब देश से उनकी विदाई की बारी है। उन्होंने कहा कि देश को बचाना है, तो भाजपा को हटाना है। उसके लिए हम सभी को एक साथ आना होगा। हमारी सोनिया गांधी से बातचीत हुई है। कांग्रेस पार्टी को नया अध्यक्ष मिलने के बाद उन्होंने हमें 10-12 दिनों के बाद फिर से मिलने के लिए कहा है।

विपक्षी एकता को मजबूत करने के लिए सोनिया गांधी के 10 जनपथ आवास पर बैठक को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे कांग्रेस और कुछ क्षेत्रीय दलों के बीच मतभेदों को सुलझाने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है। अगस्त में बिहार में नई सरकार बनाने के लिए भाजपा से नाता तोड़ने और राजद-कांग्रेस से हाथ मिलाने के बाद से नीतीश कुमार की सोनिया गांधी से यह पहली मुलाकात है।