जापान: 27 सितंबर को जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के अंतिम संस्कार के विरोध मे शख्स ने पीएमओ के पास खुद को लगाई आग

जापान: जापानी सरकार ने 27 सितंबर को पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का राजकीय अंतिम संस्कार निर्धारित किया है। इस बीच जापान की राजधानी टोक्यो में पूर्व पीएम शिंजो आबे के अंतिम संस्कार का विरोध करते हुए एक शख्स ने प्रधानमंत्री कार्यालय के सामने खुद को आग लगा ली। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।

आनन-फानन में दो पुलिस अधिकारी शख्स को बचाने की कोशिश करने लगे लेकिन वे भी आग की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। टोक्यो में हुई इस घटना के बारे में फिलहाल अधिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस और प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।

एक व्यक्ति ने पुलिस को यह बताने के बाद खुद को आग लगा ली कि वह पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार की योजना का विरोध करने के लिए यह कदम उठा रहा है। हालांकि जापान में राजकीय अंतिम संस्कार दुर्लभ है, और इसी निर्णय पर विवाद हो रहा है। देश की लगभग आधी जनता ने इस विचार का विरोध किया है।

जापान के सबसे लंबे समय तक प्रदानमंत्री रहे शिंजो आबे की आठ जुलाई को जापानी शहर नारा में चुनाव प्रचार के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 41 वर्षीय तेत्सुया यामागामी ने पीछे से राजनेता के पास जाकर करीब 10 मीटर (33 फीट) की दूरी से दो गोलियां चलाईं। इस वारदात में आबे की जान चली गई थी। सार्वजनिक व्यय से उनका राजकीय सम्मान के साथ 27 सितंबर को अंतिम संस्कार किया जाएगा।