
महराजगंज। किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन की जिला इकाई ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर मासिक बैठक की। बैठक के बाद जिला अध्यक्ष राम आशीष के नेतृत्व में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती और बार-बार बिजली खराब होने की शिकायतें मिल रही हैं। कई जगह बिजली के पोलों पर तार भी अस्त-व्यस्त हैं। किसानों ने बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार कराने की मांग की। भाकियू ने हर घर जल योजना को लेकर भी सवाल उठाए। संगठन का कहना है कि कई गांवों में अभी तक घरों तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई है। कई जगह पाइप डालने के बाद रास्तों में गड्ढे छोड़ दिए गए हैं और काम अधूरा पड़ा है। संगठन ने संबंधित कंपनियों पर कार्रवाई कर योजना का काम पूरा कराने और सरकारी विभाग को हैंडओवर कराने की मांग की। इसके अलावा पनियरा ब्लॉक के मुजुरी खास गांव में काली मंदिर मार्ग को आरसीसी सड़क बनवाने, तेन्दुअहिया गांव के पट्टाधारियों के नाम राजस्व अभिलेख में दर्ज कराने और पट्टे की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। किसानों ने मानसून की बारिश से जिले की खराब हुई सड़कों का सर्वे कराकर जल्द मरम्मत कराने की भी मांग उठाई। भाकियू ने कहा कि इन समस्याओं का समाधान आम लोगों और किसानों के हित में जरूरी है। इस दौरान प्रकाश, भग्गल, रामवृक्ष, सोमन, चंदन, महेंद्र, अशोक, बहुरी, परशुराम यादव, संतोष सैनी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।