दिल्ली: आईसीयू में भर्ती मुलायम सिंह यादव की हालत स्थिर,  लालू ने जाना हाल, नेताजी की देखरेख में जुटी डॉक्टरों की टीम

मुलायम सिंह यादव: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत स्थिर है। वह वेंटिलेटर पर हैं। बुधवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ने उनका हेल्थ बुलेटिन जारी किया। बुधवार देर शाम राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सपा संरक्षक का हाल जानने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने मुलायम सिंह के साथ-साथ हरियाणा के पूर्व सीएम ओपी चौटाला का भी हाल जाना।

बुखार और पेट में संक्रमण की शिकायत के बाद चौटाला को मंगलवार की रात मेदांता में भर्ती कराया गया था। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मुलायम सिंह यादव के हाल जानने के बाद कहा कि नेता जी के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। हम लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे जल्दी निरोग हो जाएं।

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मेदांता अस्पताल में भर्ती यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह का हालचाल जानने गए थे। तेजस्वी ने कहा उनके स्वास्थ्य में कुछ सुधार है। वह सीसीयू में हैं। इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अस्पताल पहुंचकर मुलायम सिंह यादव का हालचाल जाना था। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव से उनके सेहत को लेकर बातचीत की। मुलाकात के बाद सीएम खट्टर ने कहा कि मैं कामना करता हूं कि वे जल्द ठीक हो जाएं।