बॉलीवुड: अपनी रोमांटिक छवि के लिए मशहूर शाहरुख खान आज मना रहे अपना 57वां जन्मदिन, रात से ही मन्नत के बाहर उमड़ी फैंस की भीड़

SRK जन्मदिन: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान आज अपना 57वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके साथ-साथ देश-विदेश में फैले उनके फैंस भी उनके जन्मदिन के जश्न को दोगुना करने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। बॉलीवुड में बादशाह के नाम से जाने वाले अभिनेता शाहरुख खान इंडस्ट्री में अपनी रोमांटिक छवि के लिए काफी मशहूर हैं। एक से एक फिल्में कर चुके किंग खान आज जिस मुकाम पर हैं, वहां पहुंचना हर किसी के बस की बात नहीं। उनकी फैन फॉलोइंग देश से लेकर विदेशों तक फैली है और वह किसी भी देश में भारत जितनी ही पॉपुलैरिटी रखते हैं।

शाहरुख खान का जन्म 2 नवंबर, 1965 को दिल्ली में एक साधारण परिवार में हुआ था। शाहरुख ने अपनी दमदार एक्टिंग की बदौलत एक अलग ही शोहरत और मुकाम पाया है। शाहरुख और दिलीप कुमार ही ऐसे दो अभिनेता हैं जिन्होंने सबसे ज्यादा फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता है। शाहरुख को भारत सरकार की ओर से हिंदी सिनेमा में अभूतपूर्व और अतुलनीय योगदान के लिए वर्ष 2005 में पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

2 नवंबर…यह तारीख सिर्फ किंग ऑफ रोमांस कहलाने वाले शाहरुख खान के लिए ही नहीं, बल्कि उनके लाखों-करोड़ों फैंस के लिए भी बेहद खास है। इस दिन एसआरके की एक झलक पाने के लिए उनके फैंस एक शाम पहले से ही ‘मन्नत’ के सामने जमा होना शुरू कर देते हैं। कोरोना महामारी के दो साल बाद मंगलवार को ‘मन्नत’ के बाहर फैंस का हुजूम उमड़ा और जब रात करीब 12 बजे फैंस को शाहरुख खान का दीदार हुआ तो आतिशबाजी होना शुरू हो गई।

शाहरुख खान के जन्मदिन के कई वीडियोज और फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक तरफ, शाहरुख के दीदार के बाद मन्नत के बाहर का दिवाली जैसा जश्न देखने को मिल रहा है। वहीं, दूसरी तरफ जो लोग मन्नत नहीं पहुंच पाए वह सोशल मीडिया के जरिए अभिनेता को जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं।
शाहरुख खान ने अभिनय की शुरुआत टीवी शो फौजी (1989), सर्कस, दिल दरिया से की थी। इन टीवी शो से उन्होंने अपनी पहचान बनाई और फिर साल 1992 में फिल्म दीवाना में डेब्यू किया था। पहली फिल्म के लिए ही बेस्ट डेब्यू एक्टर का अवॉर्ड भी मिला था। इसके बाद शाहरुख खान ने एक के बाद एक ब्लॉकबस्टर फिल्में की और अपने जीवन में सफलता के नए मुकाम को छुआ एवं खुद को बॉलीवुड के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के रूप में स्थापित किया।