महाराजगंज : जिले में होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। तीन दिनों में कुल 6 पालियों में 25,920 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
प्रशासन की ओर से परीक्षा को नकल विहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। हर पाली में 4,320 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष माहौल में कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी ड्यूटी कर्मी समय से केंद्रों पर पहुंचें, परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ न जुटने दें और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के भी निर्देश दिए गए।
परीक्षा की निगरानी के लिए हर केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे, जबकि जोनल मजिस्ट्रेट लगातार निरीक्षण करते रहेंगे। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी 11 केंद्रों पर कुल 437 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा जिले के सभी थानों से कानून व्यवस्था और यातायात ड्यूटी भी लगाई गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
प्रशासन का कहना है कि पूरी व्यवस्था इस तरह बनाई गई है कि परीक्षा निष्पक्ष, सुरक्षित और सुचारु तरीके से संपन्न हो सके।



