कांग्रेस: खड़गे बोले- राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भाजपाई भयभीत, कांग्रेस अध्यक्ष बना तो आधे टिकट 50 से कम उम्र वालों को

मल्लिकार्जुन खड़गे: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 17 अक्तूबर को मतदान होना तय हो गया है। दोनों ही उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खरगे और शशि थरूर मैदान में डटे है। कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर वह पार्टी के आंतरिक चुनाव में जीते तो उदयपुर चिंतन शिविर के संकल्पों को अक्षरश: लागू करेंगे।

इसके तहत पार्टी के भीतर आधे पद और चुनावों में भी पार्टी के 50 प्रतिशत पदों पर 50 वर्ष से कम उम्र के लोगों की नियुक्ति संबंधी उदयपुर घोषणा के प्रस्ताव को लागू करेंगे, 50 प्रतिशत टिकट 50 साल से कम उम्र के कार्यकर्ताओं को मिलेंगे। इस दौरान उन्होंने भाजपा की राजनीति को विभाजनकारी बताते हुए उसके खिलाफ जमकर शब्दबाण चलाए। दरअसल खड़गे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रतिनिधियों से वोट मांगने आए थे।

खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा के नेता भयभीत हैं और उसे भारत तोड़ो यात्रा बता रहे हैं। जबकि इस यात्रा को हर जगह जबर्दस्त समर्थन मिल रहा है। राहुल गांधी भी यात्रा के बाद रात्रि में सभी वर्गों व तबकों के प्रतिनिधियों से मिलकर उनकी समस्याओं पर मंथन कर रहे हैं।