महराजगंज जिले के फरेन्दा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अम्बेडकर तिराहे के पास कुछ लोग अवैध गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से कुल 1.998 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों में रामवृक्ष गुप्ता और उनके दो बेटे संजय गुप्ता और विरेन्द्र कुमार गुप्ता शामिल हैं, जो फरेन्दा के लाजपत नगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

