भारत जोड़ो यात्रा: आज केरल में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का दूसरा दिन, इस पद यात्रा में शामिल होने के लिए आज भी लोगों की भारी भीड़

भारत जोड़ो यात्रा: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी 150 दिन में कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में सफर तय करेंगे। पांचवे दिन रविवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा केरल पहुंची थी। केरल में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का आज दूसरा दिन है। इस पद यात्रा में शामिल होने के लिए आज भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।

पार्टी नेता राहुल गांधी ने सुबह वेल्लायानी जंक्शन से पदयात्रा शुरू की। लोग गांधी की अगुवाई में शुरू हुई इस यात्रा को देखने के लिए भी सड़क के दोनों ओर एकत्र हुए। बता दें कि इससे पहले रविवार को नेमोम में पहले दिन की यात्रा समाप्त होने पर गांधी ने कहा कि केरल सभी का सम्मान करता है और खुद को कभी विभाजित नहीं होने देता और न ही नफरत फैलने देता है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एक प्रकार से इन्ही विचारों का विस्तार है।

जानकारी के मुताबिक, केरल में प्रवेश करने के बाद राहुल गांधी 19 दिनों की अवधि में 450 किमी की यात्रा करके मलप्पुरम के नीलांबुर तक जाएंगे। यह यात्रा 14 सितंबर को कोल्लम जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद 17 सितंबर को अलाप्पुझा पहुंचेगी और 21-22 सितंबर को एर्नाकुलम जिले से होते हुए 23 सितंबर को त्रिशूर पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा के अन्य पड़ाव होंगे।

कन्याकुमारी से कश्मीर तक की इस यात्रा में कांग्रेस नेता 3570 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। पार्टी ने राहुल समेत 119 नेताओं को “भारत यात्री” नाम दिया है जो कन्याकुमारी से पदयात्रा करते हुए कश्मीर तक जाएंगे। 19 सितंबर को प्रियंका गांधी के भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की संभावना है।